IRIMEE Jamalpur: जमालपुर. भारतीय रेल के अधिकारियों की तकनीकी और प्रबंधकीय क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गयी है. भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान (इरिमी), जमालपुर और इंजीनियरिंग कॉलेज भागलपुर के बीच शुक्रवार को दीर्घकालिक शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया. यह समझौता पांच वर्षों के लिए हुआ है.
समझौते के तहत दोनों संस्थान इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (आईआरएमएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के तकनीकी ज्ञान, व्यवहारिक दक्षता और क्षमता निर्माण के लिए मिलकर काम करेंगे. कार्यक्रम में इरिमी के महानिदेशक अनिमेष कुमार सिन्हा, संकाय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आचार्य प्रेम प्रकाश, वरिष्ठ आचार्य राजीव कुमार, सेक्रेटरी टू डायरेक्टर जनरल प्रसनजीत कुमार, आचार्य श्रीचंद्रशेखर और आचार्य कुमार ज्योतिरादित्य मौजूद रहे.
मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की होगी विशेष ट्रेनिंग
समझौते के तहत आईआरएमएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों के लिए मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ प्रयोगशाला आधारित और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जायेगा.
इसके लिए भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में उपलब्ध विशेषज्ञ संकाय, शैक्षणिक आधारभूत संरचना, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग किया जायेगा. इससे रेलवे अधिकारियों को आधुनिक इंजीनियरिंग प्रणालियों और तकनीकी बदलावों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा.
इरिमी के विशेष संसाधनों का छात्रों को भी मिलेगा लाभ
इस शैक्षणिक सहयोग का लाभ केवल रेलवे अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगा. इरिमी में रेलवे की यांत्रिक और विद्युत प्रणालियों से संबंधित विश्वस्तरीय उपकरणों और रोलिंग स्टॉक की उपलब्धता है. संस्थान के अनुसार, इन संसाधनों का लाभ भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के संकाय और छात्रों को भी मिल सकेगा.
इरिमी के महानिदेशक ने कहा कि भारतीय रेल की तकनीकी प्रणालियों के लगातार आधुनिकीकरण और नई तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण रेलवे अधिकारियों के लिए बहुविषयक तकनीकी ज्ञान जरूरी हो गया है. प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों को आधुनिक तकनीकी प्रवृत्तियों, इंजीनियरिंग प्रणालियों और उनके व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराने का प्रयास किया जायेगा.
IRIMEE Jamalpur: रेलवे की जरूरत के अनुरूप तैयार होगा मानव संसाधन
उन्होंने कहा कि रेलवे में तकनीकी बदलाव की गति लगातार बढ़ रही है. ऐसे में आईआरएमएस अधिकारियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ व्यवहारिक समझ और बहुविषयक दृष्टिकोण विकसित करना जरूरी है. इरिमी और भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज का यह सहयोग शैक्षणिक विशेषज्ञता और व्यावहारिक प्रशिक्षण को एक मंच पर लाने में मदद करेगा.
इस समझौते से परिवीक्षाधीन अधिकारियों को आधुनिक विद्युत और यांत्रिक अभियंत्रण तकनीकों को समझने तथा रेलवे के कार्यक्षेत्र में उनके प्रभावी इस्तेमाल की क्षमता विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है. दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ संसाधनों के साझा उपयोग से प्रशिक्षण की गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता मजबूत करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
