– नगदी और जरूरी कागजात से भरा थैला लौटाया -10 हजार रुपये, दस्तावेज और दुकान का हिसाब-किताब सुरक्षित लौटाकर जीता लोगों का दिल मुंगेर. शहर में एक ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी ने सबका दिल जीत लिया. चालक ने 10 हजार रुपये नगद, जरूरी दस्तावेज और दुकान के हिसाब-किताब से भरा थैला शुक्रवार को उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर इंसानियत और ईमानदारी की अनोखी मिसाल पेश की है. इस घटना के बाद इलाके के लोग चालक की जमकर सराहना कर रहे हैं. बताया जाता है कि वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के रायसर निवासी नीतीश कुमार बांक बनौधा स्थित अपनी दुकान से घर लौटने के लिए ऑटो पकड़कर पूरबसराय पहुंचा और वहां से ई-रिक्शा के पकड़कर रायसर मोड़ आए. वह उतर कर घर चला गया और थैला लेना भूल गया. ई-रिक्शा चालक भी नीतीश को उतार कर निकल गया. घर पहुंचने के बाद जब नीतीश कुमार को थैला गायब होने की जानकारी हुई तो परिवार के होश उड़ गए. क्योंकि थैले में पैन कार्ड, आधार कार्ड, पर्स, दुकान का हिसाब-किताब की कॉपी और करीब 10 हजार रुपये नकद रखे हुए थे. नीतीश के साथ ही घर वाले परेशान थे. कुछ घंटे बाद संदलपुर निवासी ई-रिक्शा चालक गोपाल दास थैला लेकर नीतीश के घर रायसर पहुंच गया. चालक ने नितीश की मां सुनीता देवी को पूरा सामान सुरक्षित सौंप दिया. थैला और सभी जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. भावुक होकर सुनीता देवी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. उन्होंने खुश होकर चालक को 200 रुपये इनाम देना चाहा, लेकिन गोपाल दास ने सिर्फ 100 रुपये रखा और 100 रुपये लौटा दिया.
ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी बनी मिसाल
नगदी और जरूरी कागजात से भरा थैला लौटाया
