हवेली खड़गपुर–बरियारपुर मुख्य मार्ग एनएच-333 पर मनी नदी का पुल जर्जर, हर दिन हादसे को दे रहा खुला निमंत्रण

मुंगेर-जमुई मार्ग पर स्थित एनएच-333 का मनी नदी पुल जर्जर हो चुका है। बड़े गड्ढों के कारण हर दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई है।

हवेली खड़गपुर (मुंगेर). मुंगेर जिले को जमुई जिले से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-333 (एनएच-333) पर हवेली खड़गपुर बाजार के समीप मणि नदी पर बना पुल इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है. यह पुल मुंगेर से खड़गपुर होते हुए जमुई जाने वाले यात्रियों, मालवाहक वाहनों, बड़े व्यवसायिक ट्रकों, बसों एवं अन्य भारी वाहनों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है. प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इसी पुल से गुजरते हैं, लेकिन पुल की बदहाल स्थिति के कारण प्रत्येक दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.


कई स्थानों पर उखड़ चुकी है पुल के ऊपर सड़क की परत

पुल के ऊपर सड़क की परत कई स्थानों पर उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा रहने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. इससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और चारपहिया वाहनों के असंतुलित होने का खतरा लगातार बना हुआ है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.


शिकायत के बाद हर बार होती है सिर्फ खानापूर्ति

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की जर्जर स्थिति को लेकर वर्षों से जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है. जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी कई बार स्थायी मरम्मत की मांग उठाई, लेकिन हर बार केवल खानापूर्ति के तौर पर हल्की मरम्मत कर दी जाती है. परिणामस्वरूप कुछ ही दिनों में सड़क फिर उखड़ जाती है और पुल पहले जैसी बदहाल स्थिति में पहुंच जाता है. हाल के वर्षों में बिहार के विभिन्न जिलों में पुलों के क्षतिग्रस्त होने और उनसे जुड़े हादसों की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.


पुल की स्थायी मरम्मत व नियमित निगरानी की मांग


एनएच-333 पर स्थित इस महत्वपूर्ण पुल की उपेक्षा किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसी प्रतीत हो रही है. स्थानीय नागरिकों ने पुल की तत्काल तकनीकी जांच, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत तथा नियमित निगरानी की मांग की है. लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >