हनुमाना डैम हादसा : डूबने से जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजनों को मिले चार-चार लाख के चेक

हनुमाना डैम में डूबने से जान गंवाने वाले बढ़ौनियां गांव के दो युवकों के परिवारों को प्रशासन ने ₹4-4 लाख की आपदा अनुग्रह राशि प्रदान की है. इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने डैम पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

संग्रामपुर : प्रखंड क्षेत्र के बढ़ौनियां गांव के दो युवकों की हनुमाना डैम में डूबने से हुई मौत के बाद गुरुवार की शाम प्रशासन की ओर से उनके परिजनों को आपदा अनुग्रह अनुदान के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गयी. अंचल अधिकारी निशीथ नंदन ने मृतक अभिनव आनंद के पिता कौशल किशोर सिंह और गौरव कुमार के पिता जयमंगल सिंह को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा.

चेक प्राप्त करने के दौरान दोनों परिवारों में गम का माहौल रहा. परिजनों ने कहा कि बेटों को खोने का दर्द इतना बड़ा है कि कोई भी आर्थिक सहायता उस कमी को पूरा नहीं कर सकती. हालांकि, उन्होंने सरकार की ओर से दी गयी सहायता राशि के लिए आभार जताया.

परिजनों ने डैम पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

मृतकों के परिजनों ने बांका जिले के बेलहर प्रखंड स्थित हनुमाना डैम पर सुरक्षा और चौकसी बढ़ाने की मांग की. उन्होंने कहा कि डैम घूमने और नहाने पहुंचने वाले युवाओं को पानी की गहराई और सुरक्षित स्थानों की सही जानकारी नहीं रहती है. ऐसे में कई बार लोग अनजाने में गहरे पानी में चले जाते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं.

परिजनों का कहना है कि डैम पर नियमित चौकसी रखी जाए और खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां लोगों के जाने पर रोक लगायी जाए, तो इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है.

11 जुलाई को नहाने के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को बढ़ौनियां गांव के पांच युवक दो मोटरसाइकिल से हनुमाना डैम घूमने गये थे. डैम पहुंचने के बाद सभी युवकों ने नहाने का निर्णय लिया. नहाने के दौरान अभिनव आनंद और गौरव कुमार गहरे पानी में चले गये और डूबने से दोनों की मौत हो गयी.

हादसे के बाद से दोनों परिवारों में मातम का माहौल था. अब प्रशासन की ओर से आपदा अनुग्रह अनुदान के तहत दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करायी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >