महिला रेफरी भी संभालेंगी जिम्मेदारी, खिलाड़ियों और क्लबों के लिए बने नए नियम
मुंगेर. मुंगेर जिला फुटबॉल संघ कार्यालय, पोलो मैदान में शनिवार को कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार अरुण की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. इसमें कई अहम निर्णय लिये गये. बैठक में जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारी, क्लब सचिव व रेफरी उपस्थित रहे.बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जूनियर अंडर-14 जिला फुटबॉल लीग का आयोजन 10 जून 2026 से किया जायेगा. प्रतियोगिता में नए रेफरियों को अवसर दिया जायेगा, वहीं महिला रेफरियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी. संघ के इस निर्णय को फुटबॉल में महिला सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. बैठक में यह भी तय किया गया कि मुंगेर जिला अंतर्गत आयोजित किसी भी पंजीकृत टूर्नामेंट में संबंधित क्लब के पंजीकृत खिलाड़ियों को ही खेलने का प्राथमिक अवसर मिलेगा. यदि किसी खिलाड़ी को उसके क्लब से अवसर नहीं मिलता है तो वह अपने क्लब सचिव से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त कर अन्य टीम से खेल सकेगा. इसके लिए एनओसी अनिवार्य होगा. बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि जिला फुटबॉल संघ से संबद्ध खिलाड़ी या टीम किसी अन्य टूर्नामेंट में भाग लेने से पहले उस प्रतियोगिता का पंजीकरण पत्र जिला संघ को उपलब्ध कराएंगे. इससे खिलाड़ियों और प्रतियोगिताओं का बेहतर रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा.
खिलाड़ियों को मिलेगी स्कॉलरशिप, रेफरियों का होगा कूपर टेस्ट
बैठक में अनुशासित व पंजीकृत खिलाड़ियों के लिए जल्द ही स्कॉलरशिप योजना शुरू करने का भी निर्णय लिया गया. वहीं 10 जून से जिले के सभी वरिष्ठ रेफरियों के लिए कूपर टेस्ट आयोजित किया जायेगा, इसमें भाग लेना अनिवार्य होगा. टेस्ट संचालन के लिए बिहार के अनुभवी रेफरी जॉनी दा और सत्येंद्र कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गयी है. राज्य में फुटबॉल के विकास के लिए गठित संचालन समिति में मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के सचिव भवेश कुमार उर्फ बंटी को शामिल किए जाने पर संघ ने खुशी व्यक्त की. बैठक में उपाध्यक्ष फकीरा यादव, पूर्वेंदु नारायण, मोहम्मद फहीम, उमाशंकर कुमार, अनिल कुमार सिंह, राहुल कुमार एवं अजय कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
