आपदा पदाधिकारी ने लिया हीट वेब वार्ड का जायजा

सदर अस्पताल में हीट वेब के एक भी मामले नहीं आये है, लेकिन विभागीय निर्देशानुसार सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है

मुंगेर

सदर अस्पताल में हीट वेब को लेकर बनाये गये हीट वेब वार्ड का गुरूवार को जिला आपदा पदाधिकारी संजय कुमार ने निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ सदर अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान हीट वेब वार्ड में जो कमियां पायी गयी. उसके ठीक करने का निर्देश जिला आपदा पदाधिकारी ने दिया.

जिला आपदा पदाधिकारी ने प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल में बने 30 बेड के हीट वेब वार्ड में सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान वार्ड में साइनेज नहीं होने पर अस्पताल प्रबंधक को वहां हीट वेब से बचाव के तरीके, कारण आदि के साइनेज लगाने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त हीट वेब वार्ड में कुछ आवश्यक दवाओं की कमी पायी गयी. जिसे उपलब्ध कराने और सभी प्रकार की दवाएं 24 घंटे उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया. सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि हीट वेब वार्ड को लेकर चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जिनका ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया गया है. हलांकि अबतक सदर अस्पताल में हीट वेब के एक भी मामले नहीं आये है, लेकिन विभागीय निर्देशानुसार सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है.

पुरुष वार्ड में देर से पहुंचे दो स्वास्थ्यकर्मियों को दी गयी चेतवानी

मुंगेर – सदर अस्पताल के पुरुष वार्ड में गुरुवार को अपराह्न 2 बजे की जगह 2.20 तक स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं रहने की शिकायत के बाद सिविल सर्जन डॉ राजू के निर्देश पर अस्पताल उपाधीक्षक मो तौसिफ हसनैन वार्ड पहुंचे. जहां अपराह्न शिफ्ट में अनिता कुमारी और ज्योति कुमारी-2 मौजूद नहीं थी. जबकि मरीज दवा के लिये परेशान थे. जिसके बाद इसकी सूचना सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ रामप्रवेश को दी गयी. अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि अपराह्न 2.30 बजे दोनों स्वास्थ्यकर्मी वार्ड पहुंच गयी थी. जिसके कारण अस्पताल उपाधीक्षक द्वारा दोनों स्वास्थ्यकर्मियों को अंतिम चेतवानी दी गयी है. साथ ही निर्देशित किया गया है कि ड्यूटी पर ससमय मौजूद रहे, अन्यथा कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RANA GAURI SHAN

RANA GAURI SHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >