बड़ा महावीर स्थान में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, संकटमोचन के दर्शन कर सुख-समृद्धि की मांगी दुआ

मुंगेर के प्रसिद्ध बड़ा महावीर स्थान में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहाँ भक्तों ने बजरंगबली का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की. नगर भवन के समीप स्थित यह मंदिर न केवल दैनिक पूजा बल्कि दुर्गा पूजा विसर्जन की महत्वपूर्ण परंपराओं के लिए भी जाना जाता है.

मुंगेर. शहर के नगर भवन के समीप स्थित ऐतिहासिक ‘बड़ा महावीर स्थान’ मंगलवार को एक बार फिर लोक आस्था का केंद्र बना रहा. सप्ताह का विशेष दिन होने के कारण अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में बजरंगबली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं. भक्तों ने रामभक्त हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना और चालीसा पाठ कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.

आस्था और परंपरा का संगम है बड़ा महावीर स्थान

मुंगेर का बड़ा महावीर मंदिर प्राचीन काल से ही लोगों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक रहा है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, यूं तो यहाँ सालों भर भक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन प्रत्येक मंगलवार को विशेष श्रृंगार और आरती के कारण भीड़ काफी बढ़ जाती है. श्रद्धालु यहाँ मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की याचना करते हैं.

दुर्गा पूजा विसर्जन में है विशेष महत्व

इस मंदिर की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंगेर की विश्वप्रसिद्ध दुर्गा पूजा में इस स्थान की अहम भूमिका होती है. विसर्जन के दौरान माता की विदाई की अंतिम आरती इसी बड़ा महावीर स्थान पर आयोजित की जाती है. इस भव्य आरती के पश्चात ही मुंगेर की विसर्जन शोभा यात्रा संपन्न मानी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >