हावड़ा-गया एक्सप्रेस के एसी कोच में छिपाकर ले जा रहा था शराब, जमालपुर स्टेशन पर CIB ने तस्कर को दबोचा

Munger News : हावड़ा-गया एक्सप्रेस के एसी कोच में संदिग्ध हरकत देख सीआइबी टीम सक्रिय हो गयी. बैग से 26 बोतल विदेशी शराब जब्त की है.

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट : बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नये-नये तरीके अपनाकर शराब की सप्लाई में जुटे हैं. मुंगेर के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की सीआईबी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-गया एक्सप्रेस से 26 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया. प्लेटफॉर्म नंबर दो पर हुई इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया.

AC कोच के दरवाजे पर संदिग्ध हरकत से खुला राज

रेलवे सुरक्षा बल के सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा अपनी टीम के साथ जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे. इसी दौरान हावड़ा से गया जाने वाली 13023 अप हावड़ा-गया एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची.ट्रेन के वातानुकूलित कोच के दरवाजे पर एक व्यक्ति दो बैग लेकर खड़ा दिखाई दिया. ट्रेन रुकने के बावजूद वह लगातार इधर-उधर झांक रहा था और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं. इसके बाद सीआईबी टीम ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की.

पूछताछ होते ही घबराया तस्कर, भागने की कोशिश नाकाम

पूछताछ के दौरान युवक काफी घबराया हुआ नजर आया. जब टीम ने उसके बैग की जांच करनी चाही तो वह वहां से खिसकने की कोशिश करने लगा. हालांकि सतर्क जवानों ने तुरंत उसे पकड़ लिया.तलाशी के दौरान दोनों बैग से 26 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. इसके बाद टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

भागलपुर का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय विक्रम साहू के रूप में हुई है. वह भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 10 कसमाबाद निवासी जयप्रकाश साहू का पुत्र बताया गया है.सीआईबी टीम आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस इलाके में पहुंचाया जाना था.

रेलवे स्टेशन बना तस्करों का नया ट्रांजिट प्वांट

लगातार रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों से शराब बरामद होने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. शराब तस्कर अब रेलवे मार्ग का इस्तेमाल कर बिहार में अवैध शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.हालांकि रेलवे सुरक्षा बल और सीआईबी की सक्रियता के कारण लगातार ऐसे मामलों का खुलासा हो रहा है. जमालपुर स्टेशन पर हुई यह कार्रवाई भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >