एफएसएल की टीम ने क्वार्टर का ताला तोड़कर किया वैज्ञानिक अनुसंधान
जमालपुर
जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर रेलवे कॉलोनी में सोमवार की देर रात अपराधियों ने एक रेलकर्मी को अपने क्वार्टर में बुलाकर गोली मार दी. घायल रेल कर्मी राहुल कुमार झा का इलाज सदर अस्पताल मुंगेर में चल रहा है. जबकि हमलावर अपने रेलवे क्वार्टर में ताला लगाकर फरार है. मंगलवार को जमालपुर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के साथ फॉरेंसिक टीम ने हमलावर के क्वार्टर का ताला तोड़कर मुख्य घटनास्थल का वैज्ञानिक अनुसंधान किया और दोबारा रेलवे क्वार्टर को सील कर दिया गया.
क्वार्टर संख्या 488 अब में दिया गया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार रामपुर रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर संख्या 488 ईएफ में रेलकर्मी राहुल कुमार झा रहता है. जबकि इस ब्लॉक के क्वार्टर संख्या 488 एबी में रेलकर्मी एस. यादव रहता है. बताया गया कि सोमवार की देर संध्या राहुल कुमार झा को उसके पड़ोसी ने अपने क्वार्टर 488 एबी में बुलाया. जहां कुछ देर के बाद उसे गोली मार दी गई. गोली लगने के बाद राहुल झा के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य क्वार्टर के लोग वहां पहुंचे और उसे उठाकर पूर्व रेलवे मुख्य अस्पताल जमालपुर लाया गया. जबकि गोली मारने वाला रेलकर्मी अपने रेलवे क्वार्टर में ताला लगाकर फरार हो गया. इधर रेलवे अस्पताल से घायल रेलकर्मी को सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल के फर्ज बयान पर ही जमालपुर थाना में एक नामजद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर अधिकारियों ने लिया जायजा
मंगलवार को जमालपुर थाना पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों, रेलवे के आईओडब्ल्यू और दंडाधिकारी की उपस्थिति में गोली मारने वाले रेलकर्मी के बंद रेलवे क्वार्टर 288 एबी का ताला तोड़कर एफएसएल टीम के साथ अनुसंधान किया. सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया कि बंद रेलवे क्वार्टर के अंदर शराब की बोतल और खाने के सामान के साथ खून लगा हुआ एक गमछा भी मिला है. हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की और बताया कि क्वार्टर के अंदर में खून के धब्बे और खून लगा एक गमछा तथा क्वार्टर परिसर से घायल रेलकर्मी का चप्पल बरामद किया गया है. इस दौरान एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने भी घटनास्थल पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया. वही जांच के बाद अधिकारियों ने आरोपित के रेलवे क्वार्टर को सील कर दिया. इधर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि घायल के फर्द बयान पर एक के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. वही मुख्य कारखाना प्रबंधक से की चर्चा की गयी है.
