मुंगेर में 4 घंटे लेट चल रही ब्रह्मपुत्र मेल, जमालपुर के यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Brahmaputra Mail Delay: कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल करीब चार घंटे की देरी से चल रही है. ट्रेन के विलंब परिचालन से जमालपुर, किऊल और पटना के यात्रियों की चिंता बढ़ गयी है, खासकर उन यात्रियों की जिन्हें दूसरी ट्रेनों से कनेक्टिंग सफर करना है.

Brahmaputra Mail Delay: मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट. पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन अंतर्गत चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन 15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल गुरुवार को लगभग चार घंटे विलंब से चल रही है. ट्रेन का जमालपुर स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे था, लेकिन रेलवे सूत्रों के अनुसार अब इसके दोपहर 1 बजे के बाद पहुंचने की संभावना है. ट्रेन की देरी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कामाख्या से ही लेट हुई थी रवाना

जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुत्र मेल को बुधवार शाम 4:55 बजे कामाख्या स्टेशन से रवाना होना था, लेकिन ट्रेन करीब 1 घंटा 52 मिनट की देरी से शाम 6:47 बजे खुली.

इसके बाद रास्ते में ट्रेन लगातार लेट होती चली गयी. कई स्टेशनों पर देरी बढ़ने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं.

कनेक्टिंग ट्रेन छूटने की चिंता

ब्रह्मपुत्र मेल साहिबगंज लूप लाइन की बेहद महत्वपूर्ण ट्रेनों में शामिल है. इस ट्रेन से बड़ी संख्या में लोग किऊल, पटना और दिल्ली समेत कई शहरों की यात्रा करते हैं.

जमालपुर और आसपास के कई यात्री किऊल व पटना से दूसरी ट्रेनों में सफर के लिए कनेक्टिंग टिकट लेकर चलते हैं. ऐसे यात्रियों को अब ट्रेन छूटने की चिंता सताने लगी है.

यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों के लगातार लेट होने से सफर की योजना प्रभावित हो रही है और स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.

रेलवे से बेहतर सूचना व्यवस्था की मांग

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर ट्रेन के विलंब की सूचना पहले मिल जाये तो यात्री अपनी यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते हैं.

गर्मी और उमस के बीच स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना यात्रियों के लिए और अधिक मुश्किल साबित हो रहा है.

पूर्व रेलवे की महत्वपूर्ण ट्रेन है ब्रह्मपुत्र मेल

कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल पूर्वोत्तर भारत को बिहार और दिल्ली से जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेनों में गिनी जाती है. इस ट्रेन में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग और व्यवसायी यात्रा करते हैं.

Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >