ठाकुरगंज कई दिनों से सर्वर की समस्या के कारण गैस वितरण प्रभावित रहने के बाद शुक्रवार को सर्वर ठीक होते ही ठाकुरगंज में इंडियन ऑयल के उपभोक्ताओं को गैस मिलने लगी. जैसे ही गैस मिलने की सूचना लोगों को मिली, शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी पहुंच गए . देखते ही देखते एजेंसी के बाहर लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा. सुबह से ही उपभोक्ता अपने-अपने खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचने लगे थे. दोपहर तक एजेंसी के बाहर दर्जनों लोगों की लाइन लग गई. कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. गैस लेने के लिए महिलाओं और बुजुर्गों को भी लंबा इंतजार करना पड़ा. उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सर्वर की समस्या के कारण गैस की बुकिंग और वितरण प्रभावित था. इससे कई घरों में रसोई गैस खत्म हो गई थी और लोगों को खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सर्वर ठीक होने के बाद गैस मिलने से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन एक साथ अधिक संख्या में उपभोक्ता पहुंचने से एजेंसी के बाहर भीड़ की स्थिति बन गई. इधर गैस बुकिंग के नए नियम को लेकर भी उपभोक्ताओं में चर्चा है. नए नियम के अनुसार शहरी क्षेत्रों के आम उपभोक्ता अब 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर सकेंगे. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों और बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग की समय सीमा बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है. इस नए नियम को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष भी देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि पहले ही कई बार गैस की आपूर्ति नियमित नहीं हो पाती, ऐसे में बुकिंग की अवधि बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है. लोगों ने प्रशासन और गैस एजेंसी से मांग की है कि गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े.
सर्वर ठीक होते ही गैस के लिए उमड़ी भीड़, ठाकुरगंज में सिलेंडर लेने को लगी लंबी कतार
दोपहर तक एजेंसी के बाहर दर्जनों लोगों की लाइन लग गई.
