BCECE 2026 : बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) की ओर से आयोजित बीसीईसीई-2026 परीक्षा में हवेली खड़गपुर की अभिज्ञा झा ने शानदार सफलता हासिल की है. नगर के कादरगंज निवासी अशोक कुमार एवं रिंकू कुमारी की पुत्री अभिज्ञा ने पीसीएमबी कोर्स ग्रुप से परीक्षा दी थी. जारी रैंक कार्ड के अनुसार उन्होंने ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 222वां स्थान हासिल किया, जबकि अनारक्षित श्रेणी में उनकी रैंक 1281वीं रही. उनकी उपलब्धि के बाद परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है.
बचपन से पढ़ाई में रही मेधावी
अभिज्ञा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नगर के संत टेरेसा सेमिनरी से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने रमनकाबाद हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की. मैट्रिक के बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई जारी रखने के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया.
परिजनों के अनुसार, पढ़ाई के प्रति अभिज्ञा शुरू से ही गंभीर रही हैं. उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान नियमित अध्ययन को प्राथमिकता दी और लगातार मेहनत करती रहीं.
नियमित पढ़ाई और मेहनत को बताया सफलता का मंत्र
अभिज्ञा ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत तथा परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान निरंतरता बनाए रखना बेहद जरूरी है.
उनकी सफलता से परिवार के सदस्यों में खासा उत्साह है. शुभचिंतकों और शिक्षकों ने भी अभिज्ञा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
सिविल इंजीनियर बनने का है सपना
बीसीईसीई-2026 में शानदार रैंक हासिल करने वाली अभिज्ञा का लक्ष्य सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना है. वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाकर अपनी अलग पहचान कायम करना चाहती हैं.
परिजनों का कहना है कि अभिज्ञा ने अपनी मेहनत से परिवार को गौरवान्वित किया है. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है. शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उम्मीद जतायी कि वह भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करती रहेंगी.
