कुरसेला के खेरिया मुहल्ले का निवासी मुंगेर के दौलतपुर में मकान बना कर रहता है
पत्नी ने बताया पहले भी नक्सली वारदात के सिलसिले में जा चुका है जेल
शुक्रवार को उसके दौलतपुर स्थित मकान को हथियारबंद लोगों ने घेर लिया
उसे अपने साथ ले गये, पुलिस नहीं कर रही पुष्टि
जमालपुर : थाना क्षेत्र के छोटी दौलतपुर क्षेत्र निवासी उमेश कुमार यादव को छींटदार सुरक्षाकर्मियों द्वारा गिरफ्तारी की संभावना को लेकर चर्चा का बाजार गरम रहा. हालांकि घटना की पुष्टि किसी भी पुलिस अधिकारी द्वारा नहीं की गयी है, परंतु उमेश कुमार यादव की पत्नी उमा देवी ने बताया कि उमेश मूल रूप से कटिहार जिला के कुरसैला थाना अंतर्गत खेरिया मुहल्ले का निवसी है. वर्तमान में वह जमालपुर थाना अंतर्गत छोटी दौलतपुर में अपना मकान बना कर रहती है.
उन्होंने बताया कि उसका पति पूर्व में मोतीहारी में हुई माओवादी घटना में जेल भी जा चुका है. इस बीच शुक्रवार को उनके दौलतपुर स्थित मकान को वरदीधारी हथियारबंद लोगों ने घेर लिया, उस समय उसका पति घर पर ही था. उन लोगों ने उसके पति से कहा कि उसका बेल टूट चुका है और उसे गिरफ्तार किया जाता है. उसने बताया कि उसके बाद से उसके पति का कोई अता पता नहीं है.
