मुंगेर : शहर के बेकापुर लोहापट्टी के पीछे गली से पुलिस ने ताला लगे एक घर में गुरुवार की देर शाम छापेमारी कर आठ बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. जबकि दो शराब तस्कर भागने में सफल रहा. इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. एसडीपीओ हरिशंकर कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बेकापुर लोहापट्टी के पीछे वाली गली स्थित एक घर में बड़े पैमाने पर विदेशी शराब का भंडारण कर रखा गया.
जहां से फोन पर शराब की डिलिवरी होती है. कोतवाली थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया. जब पुलिस ने गली स्थित जेनरेटर रूम पर छापेमारी करने पहुंची तो बाहर से ताला लगा हुआ था. पुख्ता सूचना होने के कारण पुलिस ने मुहल्लेवासियों के सामने ही कमरे में लगा ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया. अंदर में कोतवाली थाना क्षेत्र के दलहट्टा निवासी श्याम दास को पकड़ा. कमरे की तालाशी ली गयी, तो एक बैग मिला जिसमें रॉयल स्टेग कंपनी का 750 एमएल का 8 बोतल विदेशी शराब बरामद किया गया.
जबकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही जेनरेटर संचालक दलहट्टा निवासी शंभु पंडित एवं काली तजिया दिलावरपुर निवासी सोनी कुमार फरार हो गया था. उन्होंने बताया कि तीनों मिल कर शराब का कारोबार करते हैं. किसी को पता नहीं चले, इसलिए कमरे में ताला लगा कर रखते थे. फरार दोनों शराब माफिया की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
