एक डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान, अधिकतम तापमान स्थिर
मुंगेर : पछुआ हवा की रफ्तार धीमी हो जाने के कारण बुधवार को न्यूनतम तापमान में जहां एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी़ वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर ही स्थिर है़ जिसके कारण दिन की खिली धूप में लोगों ने काफी राहत महसूस की. किंतु शाम होते ही कनकनी का असर बढ़ने लगा़ हालांकि मौसम वैज्ञानिकों से मिली जानकारी के अनुसार क्रिसमस डे तक मौसम बिल्कुल साफ रहेगी तथा तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी होने की संभावना है़
पछुआ हवा के नरमाते ही मिली राहत: पिछले 24 घंटे से पछुआ हवा के शांत रहने के कारण लोगों को काफी राहत मिली है़ मंगलवार को पछुआ हवा जहां 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बह रहा था, वहीं बुधवार को इसकी रफ्तार घट कर 2 किलोमीटर प्रति घंटा हो गयी़ जो सूर्य के ताप को भेदने में असफल रही़ लोगों ने इसका भरपूर फायदा उठाया़ दिनभर खिली धूप में लोगों ने बड़े मजे से वक्त बिताया़
कनकनी अब भी है बरकरार: यह अलग बात है कि गुलाबी धूप के कारण दिन में लोगों को परेशानी नहीं हो रही हो़
किंतु जैसे- जैसे दिन ढ़लते जाता है, वैसे- वैसे कनकनी परवान चढ़ने लगती है़ शाम होने से पहले ही लोग गर्म कपड़ों से अपने तन को ढ़कने लगते हैं. वैसे कई लोग तो दिन में भी गर्म कपड़े उतारने से परहेज कर रहे हैं. शाम होते ही किसान अपने मवेशियों को कनकनी से बचाने के लिए उसे झूल से ढ़कने के साथ- साथ राहत पहुंचाने के लिए अलाव भी जला रहे हैं. कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक वैज्ञानिक मुकेश कुमार ने बताया कि अगले पांच दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी तथा दिन खुशनुमा रहेगा़
अगले कुछ दिनों का मौसम रहेगा खुशनुमा
