'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी' के भजनों पर झूमीं महिलाएं, चमनगढ़ में भव्य कलश यात्रा

मुंगेर के चमनगढ़ में अखंड रामधुन यज्ञ की शुरुआत भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुई. गाजे-बाजे और राम भजनों के बीच निकाली गई इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया.

हवेली खड़गपुर मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट. नगर परिषद क्षेत्र के चमनगढ़ गांव में 48 घंटे के अखंड रामधुन यज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई. गाजे-बाजे और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकली इस यात्रा से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया. इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

पंचबदन स्थान से भरा गया पवित्र जल

कलश शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और कन्याएं शामिल हुईं. श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक पंचबदन स्थान मंदिर से पवित्र जल भरकर कलश स्थापित किया. वहां से यह शोभा यात्रा चमनगढ़, पटेल चौक और कच्ची मोड़ होते हुए सितुहार गांव के रास्ते लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय कर वापस यज्ञ स्थल पहुंची. यात्रा के दौरान सुरक्षा और सेवा के मद्देनजर जगह-जगह पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई थी.

भक्ति गीतों पर थिरके श्रद्धालु

शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु रहे. ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘अयोध्या आए मेरे प्यारे राम’, ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे’ और ‘नगरी हो अयोध्या सी’ जैसे भजनों पर महिलाएं जमकर थिरकीं. बच्चे और नौजवान हाथों में भगवा ध्वज लिए जयकारे लगाते हुए साथ चल रहे थे. गांव के चप्पे-चप्पे में भक्ति की बयार बह रही है.

श्रद्धालुओं की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भव्य कलश शोभा यात्रा को सफल बनाने में शंकर मिश्रा, पिंटू मिश्रा, सुरजीत मिश्रा, राजा कुमार, प्रमोद गोस्वामी, पवन कुमार, मुन्ना मिश्रा, छोटू यादव और छोटू मंडल सहित सैकड़ों धर्मानुरागियों ने सक्रिय भूमिका निभाई. यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि अगले 48 घंटों तक अखंड रामधुन से चमनगढ़ गांव गुंजायमान रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >