शराब की भट्ठियों को ध्वस्त करती पुलिस.
बरियारपुर : आदिवासी बाहुल गांव उम्भीवनवर्षा से कुछ दूर ऋषिकुंड पहाड़ की तराई स्थित मैली भुड़का के समीप बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर दो शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया. हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई. पुलिस को ऋषिकुंड विकास मंच एवं ग्रामीणों ने भरपूर सहयोग प्रदान किया.
प्राप्त समाचार के अनुसार ऋषिकुंड विकास मंच के स्वयं सेवकों को जानकारी मिली कि मैली भुड़का के समीप भारी मात्रा में महुआ से अवैध शराब निर्माण किया जा रहा है. मंच के सदस्यों ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी. इस पर बरियारपुर थानाध्यक्ष अभिनव दूबे एवं नयारामनगर थानाध्यक्ष कुमार सन्नी के नेतृत्व में पुलिस मैली भुड़का पहुंची. जहां दो अवैध शराब की भट्ठी को नष्ट किया गया. दर्जनों डब्बा व घड़ा में शराब निर्माण के लिए फूल रहा लगभग डेढ़ क्विंटल महुआ को नष्ट कर दिया गया. विदित हो कि मैली भुड़का पहाड़ की तराई में अवस्थित है. जहां लोगों का आना-जाना नहीं होती है. इसी का फायदा उठाते हुए अवैध शराब के कारोबारी द्वारा यहां महुआ शराब का बड़े पैमाने पर निर्माण कराया जा रहा था. शराबबंदी के बाद जागरूक ग्रामीणों एवं मंच के सदस्यों को जब पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
