गतिरोध. थोक विक्रेताअों ने बाजार समिति सफियाबाद जाने से किया इनकार
जिला स्कूल खेल मैदान में अनधिकृत रूप से संचालित सब्जी मंडी को सफियाबाद स्थित बाजार समिति प्रांगण में स्थानांतरित करने के निर्णय पर गतिरोध उत्पन्न हो गया है. नगर निगम प्रशासन ने 6 दिसंबर तक इसे जिला स्कूल मैदान से हटाने का निर्णय लिया है तो दूसरी ओर फल एवं सब्जी के थोक विक्रेता निगम के निर्णय को मानने को तैयार नहीं हैं. मंगलवार को थोक विक्रेताओं की बैठक में यह फैसला लिया गया कि किसी भी कीमत पर वे लोग बाजार समिति नहीं जायेंगे.
मुंगेर : जिला स्कूल खेल मैदान में चल रहे सब्जी मंडी को सफियाबाद बाजार समिति शिफ्ट किये जाने के विरोध में मंगलवार को बैठक हुई. थोक सब्जी विक्रेता व्यवसायी संघ के अध्यक्ष शकलदेव महतो, सचिव गुड्डु राइन, बीस सूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष जियाउर रहमान के नेतृत्व में आयोजित बैठक में आगामी 3 दिसंबर को मुंगेर के स्थापना दिवस पर सब्जी मंडी बद करने का निर्णय लिया गया. साथ ही सर्वसम्मति से यह घोषणा की गयी कि किसी भी हाल में वे लोग बाजार समिति नहीं जायेंगे. बैठक में बंटी राइन, मो शहजाद, सुधीर कुमार, सुनील यादव, सिकंदर कुमार, प्रकाश महतो, पंकज कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे.
बाजार समिति में नहीं शिफ्ट होंगे थोक विक्रेता : जिला स्कूल मैदान में चल रहे सब्जी मंडी के व्यवसायियों ने सफियाबाद बाजार समिति में शिफ्ट नहीं करने का निर्णय लिया है. व्यवसायी संघ के सचिव गुड्डु राइन ने कहा कि सफियाबाद बाजार समिति सुरक्षा के दृष्टिकोण से सही नहीं है और शहर से पांच किलोमीटर दूर है. जहां सुविधा का अभाव है और इससे किसानों के साथ ही आम खुदरा व्यवसायियों को काफी परेशानी होगी. उन्होंने निगम प्रशासन पर आरोप लगाया कि बार-बार थोक विक्रेता को परेशान किया जाता है. पहले जब बस स्टैंड परिसर में सब्जी मंडी चल रहा था तो प्रशासन ने ही वहां से हटाकर हमलोगों को जिला स्कूल खेल मैदान भेजा था. साथ ही यह आश्वासन दिया गया था कि मिन्नत नगर में मंडी बनाकर विक्रेताओं को उपलब्ध कराया जायेगा. लेकिन अब उसे सफियाबाद भेजने का निर्णय लिया गया है जो पूरी तरह गलत है.
मंत्री से मिलेंगे व्यवसायी
मुंगेर स्थापना दिवस के उद्घाटन समारोह में राज्य के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार एवं जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव कामत शामिल होंगे. उस दिन मुंगेर का सब्जी मंडी विरोध में बंद रहेगा और मुंगेर आने वाले मंत्रियों से मिलकर इस मुद्दे पर सब्जी विक्रेता अपनी मांगों को रखेंगे. संघ का कहना है कि मिन्नत नगर में निगम द्वारा जगह उपलब्ध कराया जाय और उसके बदले में जो भी किराया होगा उसका वे लोग भुगतान करेंगे.
