ग्रामीणों में दहशत
पोस्टर में मुखबिरी व छेड़खानी करनेवालों को चेतावनी
नक्सली संगठन से जुड़ने की लोगों से की गयी है अपील
सूचना के बाद पुलिस परचा उखाड़ अपने साथ ले गयी
कहा, शरारती तत्वों का है काम
हवेली खड़गपुर : हवेली खड़गपुर के रमनकाबाद गांव में नक्सलियों ने रविवार की रात पोस्टर चिपकाया. पोस्टर के माध्यम से नक्सलियों ने स्कूली छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले एवं पुलिस की मुखिबिरी करने वालों को धमकाने का प्रयास किया. पोस्टर साटे जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का मंजर है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टर को उखाड़कर अपने साथ ले गयी.
नक्सलियों ने पोस्टर में लिखा है कि समदा निवासी बिहारी तुरी महिलाओं व स्कूली छात्राओं पर बुरी नजर रखता है. बिहारी तुरी को जन अदालत लगा कर सजा दिलायी जायेगी. साथ ही संगठन के नाम पर लेवी वसूलने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को संगठन कड़ी सजा देगा. नक्सलियों ने पोस्टर के माध्ययम से लोगों को संगठन से डरे नहीं. बल्कि उससे जुड़ने की अपील की है. बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ संगठन की टीम के सदस्य पहुंच चुके हैं. नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी करने वालों को भी धमकाने का प्रयास किया है. इस कारण नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को सहयोग करने वाले ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है. पोस्टर चिपकाने की सूचना पर खड़गपुर थाना के अवर निरीक्षक पंकज राउत रमनकाबाद पहुंचे और पोस्टर को उखाड़ कर अपने साथ ले आये. पुलिस का मानना है कि यह शरारती तत्वों का काम है. लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण लोग डरे-सहमे हैं.
