घेराव करते एसोसिएशन के पदाधिकारी.
एससीएसटी रेलवे इम्प्लॉयज एसोसिएशन ने किया घेराव
जमालपुर : ऑल इंडिया एससी एंड एसटी रेलवे इम्प्लॉयज एसोसिएशन (कारखाना शाखा) के तत्वावधान में मंगलवार को रेल इंजन कारखाना के दर्जनों रेलकर्मियों ने अपनी दस सूत्री मांगों को लेकर मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय का घेराव किया. मुख्य कारखाना प्रबंधक अनिमेष कुमार सिन्हा मुख्यालय में उपस्थित नहीं रहने के कारण उन्होंने अपना ज्ञापन उनके निजी सचिव को सौंपा. कार्यक्रम का नेतृत्व एसोसिएशन के शाखा अध्यक्ष टूरा मुरमू एवं सचिव चांदसी पावान ने संयुक्त रूप से किया.
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 21 नवंबर को नई दिल्ली के जंतर मंतर पर केंद्रीय कमिटी एवं राष्ट्रीय दलित पंचायत के आह्वान पर दस सूत्री मांगों को लेकर महारैली का आयोजन होगा. जिसको लेकर इस्टर्न रेलवे जोनल कमिटी कोलकाता ने पिछले आठ नवंबर को एक बैठक की थी. जिसमें निर्णय लिया गया कि पूरे इस्टर्न रेलवे में सभी वर्क्सशॉपों एवं डिवीजन ब्रांच अपने-अपने मुख्यालय में दस सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे. इसी के आलोक में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
उन्होंने बताया कि उनकी मांगों में एससी व एसटी को पदोन्नति में आरक्षण के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाने, इस समुदाय के कर्मियों को अपनी वरीयता एवं योग्यता के आधार पर सामान्य पदों पर पदोन्नति जारी रखने, आरक्षण का प्रतिशत वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 17 प्रतिशत एवं 9 प्रतिशत करने, आरक्षण अधिनियम पारित कर संविधान की 9 वीं अनुसूची में जोड़ने तथा अखिल भारतीय न्यायिक सेवा का गठन करने, न्यायपालिका एवं प्राइवेट सेक्टर में एससी एसटी के लिए आरक्षण लागू करने,
एक्स कॉडर एवं सिंगल पदों के संवर्गों में इस समुदाय को आरक्षण लागू करने, सफाई कार्यों में ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने एवं अनुसूचित जाति व जनजातियों के साथ हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग शामिल है. मौके पर विंदेश्वरी पासवान, ज्वाला प्रसाद, उमाकांत पासवान, विशाल कुमार रजक, बुद्धन पासवान, सतीश भारती, मुकेश पासवान, शिवलाल रजक, प्रकाश तथा राकेश पासवान मुख्य रूप से उपस्थित थे.
