तीसरी सोमवारी . िजले के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन मास की तीसरी सोमवारी को शहर से लेकर गांव के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह की अपेक्षा शाम में पूजा करने के लिए महिलाओं की भीड़ शिवालयों में लगी रही. श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, गंगा जल एवं दूध से शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. प्रसिद्ध धार्मिंक एवं पर्यटक स्थल सीताकुंड में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया.
मुंगेर : मुंगेर शहर के विभिन्न शिवालयों में सोमवार को लेकर महिलाओं की भीड़ लगी रही. शहर के गोयनका शिवालय, बाबा मनकेश्वर नाथ महादेव, दोमंठा शिवालय, दशभुजी स्थान, मोगाल बाजार, माधोपुर शिवालय, सोझीघाट, कष्टहरणी घाट के शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर-नारियों ने गंगा स्नान कर बाबा भोले का जलाभिषेक किया.
मुंगेर सदर प्रतिनिधि के अनुसार, तीसरी सोमवारी को विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भीड़ पूजा-अर्चना के लिए लगी रही. शिव गुरुधाम मय में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे. जबकि सीताकुंड के प्रांगण में संध्या में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया. भजन गायक फणीभूषण चौधरी ने एक के बाद एक भजन प्रस्तुत कर लोगों का मन मोहन लिया. मौके पर व्यास जी महाराज, लाली महंत, दिलीप नाथ मिश्रा, शंकर यादव, अनिल यादव सहित अन्य मौजूद थे.
हवेली खड़गपुर प्रतिनिध के अनुसार, सावन मास की तीसरी सोमबारी को क्षेत्र के पंचवदन स्थान शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. शिव भक्तों ने स्नान कर पवित्र होकर अक्षत, फूल, वेलपत्र आदि शिवलिंग पर चढ़ाया एवं शिवगंगा के जल को गंगा जल मानकर शिवलिंग पर ऊ नमः शिवाय के मंत्रोच्चारण के साथ जलाभिषेक किया. इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ो श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से जल लाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया.
वहीं कई महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए दिनभर का उपवास रखा. रंगनाथ महादेव बनहरा, उच्चेश्वरनाथ महादेव देवघरा, पंचबदन महादेव मंदिर हवेली खड़गपुर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गयी. अखिल भारतीय विधार्थी परिषद के सदस्यों सौरभ सिंघानिया, शैलेश पंडित , संदीप टिवडेवाल ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल-शरबत सेवा शिविर लगाया.
