लापरवाही . निगम नहीं दे रही ध्यान, मुहल्लेवासी हो रहे परेशान
मुंगेर : नगर निगम की लापरवाही के कारण वार्ड नंबर 21 पूरबसराय आजाद कॉलोनी कृष्णापुरी के लगभग 35-40 परिवार खुले में पानी बहाने को विवश हैं. ये सभी परिवार अपने घर का पानी नाले में नहीं बहा पा रहे हैं और छोटे-छोटे नाली के माध्यम से खुले मैदान में पानी बहा रहे हैं. क्योंकि घरों से निकलने वाले नालों का कनेक्शन नगर निगम के नालों से नहीं हो पाया है. फलत: बरसात के समय में स्थिति विकट हो जाती है.
खुले मैदान में बह रहा पानी
घरों से निकलने वाले पानी व कचरा को मुहल्लेवासी खुले मैदान में बहा रहे हैं. जबकि अब निजी मैदान के मालिक लोगों को पानी बहाने से रोक रहे. इस परिस्थिति में मुहल्लेवासी परेशान हैं. नगर निगम प्रशासन को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए मुहल्लेवासी ने कई बार लिखा है. लेकिन अबतक निदान नहीं हो रहा.
कहते हैं मुहल्लेवासी
मुहल्लेवासी विपिन कुमार घोष, कपिल कुमार, डॉ सुनील कुमार यादव, चंदन रजक, अभिमन्यु कुमार, मनोज कुमार, अनिल कुमार, विवेकानंद यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि यदि आउट फॉल नाला से कनेक्शन जोड़ दिया जाय तो समस्या का समाधान हो जायेगा. लेकिन सबसे बड़ी समस्या बरसात के दिनों में होती है. थोड़ा बहुत अत्यधिक बारिश होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुस जाता है और स्थिति भयावह हो जाती है. इस समस्या को लेकर मुहल्लेवासी निगम कार्यालय में कई बार आवेदन भी दे चुके हैं. बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
कहती हैं मेयर
मेयर कुमकुम देवी का कहना है कि स्थल निरीक्षण कर नाला की समस्या को दूर कर लिया जायेगा. यदि वहां नाला की आवश्यकता होगी तो वहां नाला बना कर बड़े नाले से कनेक्ट कर दिया जायेगा.
