स्वर्णाभूषणों के निर्माण पर उत्पाद शुल्क लगाये जाने का विरोध
मुंगेर : स्वर्णाभूषणों के निर्माण पर एक प्रतिशत उत्पाद शुल्क लगाये जाने के विरोध में पिछले एक सप्ताह से आंदोलित स्वर्ण व्यवसायी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये. जिसके कारण सर्राफा कारोबार ठप हो गया और बाजार में सन्नाटा छा गया. मुंगेर जिला बुलियन मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव ललन ठाकुर ने कहा कि पिछले छह दिनों से स्वर्णाभूषण व्यापारी के आंदोलन के बावजूद केंद्र सरकार उत्पाद शुल्क के संदर्भ में कोई निर्णय नहीं ले रही.
फलत: मंगलवार से स्वर्णकारों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि जब तक स्वर्णाभूषणों के निर्माण पर लगाये गये एक प्रतिशत उत्पाद शुल्क को वापस नहीं लिया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगा. सरकार के अडि़यल रवैये से भारी मात्रा में आयकर व बिक्री कर चुकाने वाले शर्राफा व्यवसाय संकट में आ गया है.
उन्होंने कहा कि बिहार बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राज्य सचिव योगेश सिंघल ने इस संदर्भ में पूरे राज्य के शर्राफा व्यवसायियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का अनुरोध किया है और इसके साथ ही पूरे बिहार में अब ज्वेलरी की दुकानें नहीं खुलेगी. एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद वर्णवाल, प्रेम वर्मा, संतोष वर्मा, मोहन पोद्दार, विनोद पोद्दार, राजकुमार सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार की उत्पाद शुल्क से जहां स्वर्णाभूषण बनाने वाले कारीगर के समक्ष समस्या पैदा हो गयी है. वहीं आम लोगों को भी जेवरात के लिए अधिक मूल्य चुकाने होंगे.
