जिले के विभिन्न नियोजन इकाई द्वारा 3379 शिक्षकों में से 3232 का ही जमा किया
गया फोल्डर
मुंगेर : उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिले के 3379 नियोजित शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की जांच निगरानी विभाग द्वारा की जानी थी. किंतु जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्थापना शाखा कार्यालय में अबतक 3232 शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों का फोल्डर भेजा गया है. जिसके कारण बांकी 147 शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का जांच हो पाना मुश्किल हो गया है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा रविवार को एक विज्ञप्ति के माध्यम से जिले के सभी प्रारंभिक शिक्षक नियोजन इकाई को 15 फरवरी तक नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया था. किंतु सोमवार तक 3232 शिक्षकों के प्रमाण- पत्र का फोल्डर जमा किया गया. बांकी के 147 शिक्षकों के प्रमाण- पत्र का फोल्डर जमा नहीं किया गया.
जिसके कारण निगरानी विभाग के अनुसंधान में बाधा उत्पन्न होने की संभावनाएं जतायी जा रही है. वहीं माननीय उच्च न्यायालय के आदेश की भी अवमानना मानी जा रही है. जिला शिक्षा पदाधिकारी केके शर्मा ने बताया कि जिले के छिटपुट नियोजन इकाई द्वारा फोल्डर नहीं जमा किया गया है. किंतु सबसे खराब स्थिति टेटियाबंबर पंचायत की है.
जहां के लगभग 90 प्रतिशत प्रारंभिक नियोजन इकाइयों द्वारा नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र जमा नहीं किये गये हैं. इससे यह माना जा रहा है कि संबंधित नियोजन इकाई अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं. ऐसे नियोजन इकाई के विरुद्ध अब प्राथमिक दर्ज करायी जायेगी.
