सुलतानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर चंादपुरा गांव के समीप की हुई घटना
संग्रामपुर : संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सुलतानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर चंादपुरा गांव के समीप सोमवार की सुबह लकड़ी लदे एक ट्रैक्टर पलट जाने से उस पर सवार एक मजदूर की दब कर मौत हो गयी. ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और शव को बरामद कर अंत्यपरीक्षण के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया.
बताया जाता है कि अवैध लकड़ी लदा ट्रैक्टर संग्रामपुर से तारापुर जा रही थी. इसी दौरान संग्रामपुर-देवघर मुख्य मार्ग पर चांदपुरा गांव के समीप वाहन असंतुलित होकर पलट गयी. ट्रैक्टर पर सवार भागलपुर जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के छत्रहार गांव निवासी मजदूर राकेश कुमार (18 वर्ष) की लकड़ी से दब कर घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
चालक भी सुबह में अंधेरा का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा. वाहन पर लदा अवैध लकड़ी कारोबारी लौंगी शर्मा का बताया जाता है. मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रो कर बुरा हाल है.
मृतक चार दिन पूर्व ही दिल्ली से वापस अपने गांव आया था. घटना की सूचना पाते ही संग्रामपुर थाना के एएसआइ कौशल किशोर सिंह ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और उसे अंत्यपरीक्षण के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने वाहन व लकड़ी को जब्त कर मामले की छानबीन कर रही है.
