मुंगेर : बरतन एवं सोने के आभूषण को साफ करने के नाम पर लोगों को लूटने वाला गिरोह मुंगेर में सक्रिय है. अब यह गिरोह आम लोगों नहीं बल्कि खास लोगों को भी अपना निशाना बनाने लगा है. बुधवार को मुंगेर के अपर सत्र न्यायाधीश पंचम ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव की पत्नी का चेन अपराधियों ने उड़ा लिया. घटना की प्राथमिकी कोतवाली थाने में दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही.
प्राप्त समाचार के अनुसार बुधवार को आभूषण साफ करने वाला एक युवक जज साहब के आवास पर पहुंचा. युवक ने जज की पत्नी से कहा कि वह कांसा, स्टील एवं तांबा के वर्तन पाउडर से साफ करता है. साथ ही उस पाउडर की बिक्री भी करता है. युवक ने कुछ वर्तन भी साफ कर दिखाया. फिर उसने कहा कि मैडम आप चैन दिजीए उसको भी चमका देते हैं. जज साहब की पत्नी अलका स्वरूप श्रीवास्तव उस युवक के झांसे में आ गयी और अपना चेन खोल कर युवक को दे दिया.
इसी दौरान युवक ने कहा कि थोड़ा गरम पानी दीजिए. मैडम गरम पानी लाने अंदर गयी और जब वह गरम पानी लेकर आयी तो युवक फरार था. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस उनके आवास पर पहुंचे और अलका स्वरूप के बयान पर कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
