हवेली खड़गपुर : नंदलाल बसु चौक पर दुकानदार से रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को दुकानदार संदीप कुमार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जबकि भीड़ द्वारा पकड़े गये एक अपराधी को पुलिस ने जेल भेज दिया. विदित हो कि रविवार को चावल व गुड़ के कारोबारी संदीप कुमार के पास एक युवक आया और चिट्ठी दी. जिसमें पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गयी थी. दुकानदार के हल्ला करने पर अन्य दुकानदारों ने मिल कर चिट्ठी देने आये अपराधी को गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया. गिरफ्तार अपराधी असरगंज प्रखंड के जलालाबाद निवासी दिलीप बिंद का पुत्र लक्ष्मण बिंद है.
जिसे पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया. पुलिस के पूछताछ में लक्ष्मण ने बताया कि रविवार को वह दुकानदार से रंगदारी मांगने के लिए अकेले नहीं गया था. उसके साथ गोवड्डा निवासी पिंटू बिंद व शंभु बिंद भी था. जो मौके की नजाकत को देख कर भाग खड़ा हुआ. उसने बताया कि पिंटू बिंद और शंभु बिंद के साथ वह मोटर साइकिल से नंदलाल चौक पहुंचा. दोनों के कहने पर मैं दुकानदार को चिट्ठी देकर रंगदारी मांगने गया. लेकिन व्यवसायी द्वारा शोरगुल मचाने पर वे लोग मोटर साइकिल से भाग निकला और दुकानदारों ने मुझे पकड़ लिया. थानाध्यक्ष राजेश कुमार राय ने बताया कि संदीप के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. लक्ष्मण को जहां जेल भेज दिया गया वहीं अन्य दोनों अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
