मुख्यमंत्री चापाकल योजना बंद करने का फैसला गलत
मुंगेर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने कहा कि गलत नीति के कारण राज्य सरकार गंभीर आर्थिक संकट में फंसी हुई है. जिससे उबरने के लिए नीतीश सरकार जनता पर अतिरिक्त कर का बोझ डाल रही है. जिसका भाजपा प्रतिकार करेंगी. ये बातें उन्होंने रविवार को शादीपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पत्रकारों से बात करते हुए कही. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही लोगों के भोजन, वस्त्र और आवास पर कर वृद्धि के माध्यम से जीना मुश्किल कर दिया है. असंगत और अव्यावहारिक तरीके से सिंघाड़ा, कचौरी, नमकीन, जूता, चप्पल, ईंट, बालू, गिट्टी, कपड़ा, मिठाई पर कर वृद्धि कर जनता के सामने खाने-पीने एवं रहने का संकट पैदा कर दिया है.
अब यह जन विरोधी सरकार पीने के पानी पर भी संकट उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है. क्योंकि मुख्यमंत्री चापाकल योजना को बंद करने की घोषणा की है. जिसके कारण गांव के गरीबों लोगों को पीने का शुद्ध पानी भी प्राप्त नहीं हो पायेगा. उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव के समय कई ऐसी बेतूका घोषणा कर दिया. जिसके कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हुई है. पंचायत शिक्षकों के वेतन को बढ़ाने की घोषणा तो कर दिया. लेकिन पिछले चार माह से वेतन नहीं दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट में फंसी यह सरकार एक ओर कई सरकारी योजनाओं को बंद कर रही है.
वहीं दूसरी ओर कर वृद्धि कर बोझ बढ़ा रही है. हम सरकार से मांग करते हैं कि जब तक गांवों में केंद्र सरकार की अमृत योजना लागू नहीं होती है तब तक चापाकल योजना को चालू रखा जाय. मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. अजफर शमसी, विधायक विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य मौजूद थे.
