जमालपुर : इरिमी के अंतर्गत संचालित स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिश के बंद करने के विरोध में महागठबंधन आंदोलन को तेज करेगा और विभिन्न संगठनों को एकजुट कर इस आंदोलन का नेतृत्व किया जायेगा. ये बातें मुंगेर के राजद विधायक विजय कुमार विजय ने रविवार को यहां आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कही.
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सौरभ निधि व जदयू जिलाध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद सिंह मौजूद थे. नेताओं ने कहा कि इस आंदोलन का नेतृत्व जमालपुर के विधायक सह ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, मुंगेर के विधायक विजय कुमार विजय तथा तारापुर के विधायक मेवालाल चौधरी संयुक्त रूप से करेंगे़ पूर्व में भी जदयू द्वारा एससीआरए को बचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री तथा रेलमंत्री को पत्राचार किया था़
उन्होंने कहा कि आंदोलन को मूर्त रूप देने के लिए एक संचालन समिति का गठन किया जायेगा. इसके लिए महागठबंधन में शामिल जमालपुर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नगर अध्यक्ष को इसकी जिम्मेवारी सौंपी गयी. इनमें राजद के मंटू कुमार यादव, जदयू के अनिल कुमार यादव तथा कांग्रेस के परवीन कुमार शामिल हैं.
