राज्य के पंचायती राज मंत्री सह मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव कामत ने किया ध्वजारोहण
मुंगेर : राज्य के पंचायती राज मंत्री सह मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव कामत ने कहा है कि सीताकुंड को जल्द ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा. इसके लिए वे पर्यटन मंत्री से बात करेंगे. अगले माह आयोजित होने वाले सीताकुंड के माघी मेले में उन्हें साथ लेकर आयेंगे. वे बुधवार को सीताकुंड में आयोजित अपने सम्मान समारोह में कही.
उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन के विकास की व्यापक संभानाएं है. उसे तराशने की जरूरत है. यहां के लोगों से मालूम हुआ है कि सीताकुंड के विकास के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये आये थे. किंतु उन्हें इस संबंध में कुछ भी मालूम नहीं है. वे पटना जाकर खुद से मामले की छानबीन करेंगे. यहां पर्यटन के विकास के लिए जो भी किया जा सकता है उसके लिए वे पर्यटन मंत्री से बात करेंगे. जिले में जितने भी ऐतिहासिक व पौराणिक धरोहर है, उसे पर्यटन के मानचित्र पर लाने के लिए वे पूरा प्रयास करेंगे.
जिसमें सीताकुंड को वे प्राथमिकता देंगे. जिले के प्रभारी मंत्री होने के हैसियत से भी वे यहां के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी अनुशंसा करेंगे. मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ निधि, राजद के जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव, मनोरंजन मजूमदार, पूर्व जिला पार्षद मो. परवेज चांद, मुखिया संघ के जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार मंडल, साहब मल्लिक, सीताकुंड विकास समिति के सह सचिव गंगा मंडल, कपिलदेव सिंह, धनराज यादव, उद्देश्य कुमार, दीनानाथ झा, नंद कुमार यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
ग्राम कचहरी सचिव की सेवा नियमित करने को लेकर मंत्री को दिया ज्ञापन :
ग्राम कचहरी सचिव की सेवा नियमित करने एवं सचिवों के मानदेय का भुगतान उसके खाते में करने की मांग को लेकर बुधवार को बिहार राज्य ग्राम कचहरी सचिव संघ (गोपगुट) मुंगेर शाखा के पदाधिकारियों ने पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत को ज्ञापन सौंपा. संघ के अध्यक्ष मो. जहांगीर के नेतृत्व में ग्राम कचहरी सचिवों ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में उन लोगों का योगदान महत्वपूर्ण है.
