मुंगेर : सफियासराय ओपी क्षेत्र के फरदा गांव में सोमवार की देर रात बरात में गोली चलने से शिक्षक नेता अरविंद पासवान की मौत हो गयी. गोली उस समय चली जब बरात के लोग गजल कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे. घटना को लेकर अरविंद के रिश्तेदार राहुल कुमार के बयान पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है.
इसमें सूर्यगढ़ा सलेमपुर के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पीछे से सिर में लगी गोलीशिवकुंड निवासी शिक्षक नेता अरविंद पासवान सोमवार को फरदा निवासी कन्हैया लाल कुंवर के बेटी की शादी समारोह में भाग लेने आया था. जहां बरात व शरात पार्टी के लोग गजल कार्यक्रम का आनंद उठा रहे थे. अरविंद पासवान भी अपने साला के बेटे के साथ महफिल में बैठ कर गजल का लुत्फ उठा रहे थे. लगातार खुशी में फायरिंग भी हो रही थी.
तभी अरविंद के पीछे से एक फायर हुआ जो उसके सिर के पिछले हिस्से में लगी और दूसरे हिस्से से निकल गयी. इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. सलेमपुर के पूर्व मुखिया अजय कुमार को बनाया गया आरोपीगोली लगने के साथ ही समारोह में भगदड़ मच गयी. लोग इधर-उधर भागने लगे. जबकि जिस व्यक्ति से गोली चली वह भी अपने स्काॅर्पियों वाहन से भाग निकला. इधर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया.
घटनास्थल पर रात में पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. मृतक के साला का बेटा राहुल कुमार जो घटना का चश्मदीद है उसी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड के सलेमपुर के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमें राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद किये हैं.
