बरियारपुर :वर्ष 2013 में आई भीषण बाढ़ में पीडि़तों को राहत पहुंचाने के लिए जिले में बड़े पैमाने पर नाविकों से नाव लिया गया था. जिसमें तारापुर दियारा के भी 6 नाविकों से उसके नाव भाड़ा पर लिया गया. सदर प्रखंड के अंचलाधिकारी द्वारा नाव का परिचालन 31 जुलाई 2013 से 13 सितंबर 2013 तक 45 दिनों तक कराया गया.
परंतु किराये का भुगतान अबतक नहीं किया गया है. जिसके कारण नाविक परेशान हैं और उनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
नाव मालिक लुटन सहनी, ललित सहनी, अरुण मंडल, बिंदेश्वरी सहनी, सकलदेव सहनी, रामदेव सहनी ने बताया कि हमलोगों का नाव रहिया से दिवानी टोला, आरआरआर ईंट भट्टा, कल्याण टोला, गोपाली टोला, मंडल टोला, मध्य विद्यालय फुलकिया व एनएच 80 तक चलवाया गया था. 45 दिनों तक हमलोगों से कार्य करवाया गया. कई बार हम नाविक मजदूरी एवं नाव के किराये का भुगतान के लिए कई बार लिखित एवं मौखिक मांग की जा चुकी है.
लेकिन अबतक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया. 13 नवंबर 2014 को जिलाधिकारी के जनता दरबार में जब आवेदन दिया तो डीएम ने आपदा विभाग को मामले की जांच करने के लिए भेज दिया. पुन: 18 दिसंबर 2014 को जनता दरबार में आवेदन दिया जहां से आवेदन को सदर सीओ के पास भेज दिया. परंतु इस दिशा में कोई सार्थक कार्रवाई अबतक नहीं की गयी. नाविकों ने कहा कि हमलोग काफी गरीब हैं, मजदूरी के लिए प्रशासन का चक्कर लगा रहे हैं. कब जिलाधिकारी की नजर इस पर पड़ेगी और हमलोगों की मजदूरी मिलेगी.
