Motihari News: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था.
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
संस्थान के मुख्य सभागार में सुबह 10:30 बजे से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शुरू हुआ. इसमें प्रथम वर्ष के नव-नामांकित छात्र-छात्राओं के साथ द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थी तथा छात्रावास के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए. सभी ने प्रधानमंत्री के संदेश को गंभीरता से सुना.
छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभाव, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया. विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है तथा इससे दूर रहना आवश्यक है.
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील
संस्थान के प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
जीपीएस लोकेशन व टाइमस्टैम्प के साथ हुआ प्रलेखन
कार्यक्रम का समापन जीपीएस लोकेशन एवं टाइमस्टैम्प युक्त फोटोग्राफी और प्रलेखन के साथ हुआ. इस अवसर पर डॉ. शैलेश रंजन कुमार, प्रो. आशुतोष कुमार, डॉ. पूजा प्रियदर्शिनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें:तुरकौलिया में चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक, बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस
