Motihari News: गड़हिया बाजार थाना क्षेत्र के कोईलहरा महादलित बस्ती में शराब तस्करी की सूचना देने के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना में घायल युवक का पुलिस की देखरेख में इलाज कराया गया. पीड़ित के आवेदन पर पांच नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
Madhuban News: शराब की सूचना देने के शक में युवक को घेरा
पीड़ित युवक की पहचान गड़हिया बाजार थाना क्षेत्र के चौहनिया निवासी अंकित दूबे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार पटना उत्पाद विभाग से कोईलहरा महादलित बस्ती में शराब बनाने और बेचने की सूचना मिली थी. इसी सूचना के सत्यापन के लिए एसआई अभय कुमार झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे.
इसी दौरान अंकित दूबे गुटखा की दुकान के पास खड़ा था. पुलिस की गाड़ी बस्ती में रुकने के बाद वह पुलिसकर्मियों के पास चला गया. पुलिस के आगे बढ़ते ही स्थानीय लोगों को संदेह हुआ कि अंकित ने ही पुलिस को शराब की सूचना दी है.
ग्रामीणों ने युवक के साथ शुरू कर दी मारपीट
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने अंकित दूबे को घेर लिया और ग्रामीण विनोद मांझी के दरवाजे के पास उसकी पिटाई शुरू कर दी. पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से निकालकर अपनी गाड़ी में बैठाया.
बताया जाता है कि इसके बाद भी कुछ लोग युवक को पुलिस की गाड़ी से निकालने पर आमादा हो गए. लाठी-डंडे लेकर लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और वाहन पर भी लाठी-डंडे चलाए.
पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाया
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ लोग अंकित दूबे को महौता चौक से घेरकर कोईलहरा महादलित बस्ती की ओर ले जा रहे थे. इसी दौरान घटना की सूचना मिलने पर गड़हिया बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने किसी तरह युवक को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षित बाहर निकाला. मारपीट में घायल अंकित का पुलिस की देखरेख में इलाज कराया गया.
पांच नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी
घटना के बाद अंकित दूबे ने गड़हिया बाजार थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने आवेदन के आधार पर पांच नामजद एवं अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.
थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
