Motihari Nagar Nigam: मोतिहारी नगर निगम की बोर्ड बैठक में मंगलवार को शहर की सफाई, जलजमाव और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम ने सभी वार्डों में नियमित नाला सफाई, जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्णय लिया है.
बैठक में शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया.
हर वार्ड में चार सफाईकर्मी करेंगे नालों की सफाई
बोर्ड बैठक में तय किया गया कि नगर निगम क्षेत्र के जलजमाव प्रभावित इलाकों की पहचान कर वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
इसके लिए मुख्य नालों और गली-मोहल्लों की नालियों की वार्डवार सूची तैयार होगी. रोस्टर के अनुसार नियमित सफाई कराई जाएगी. प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन कम से कम चार सफाईकर्मी सूचीबद्ध नालों की सफाई करेंगे.
लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नाला सफाई और जल निकासी कार्य की नियमित निगरानी संबंधित स्वच्छता निरीक्षक और वार्ड जमादार करेंगे.
जहां सफाई कार्य संतोषजनक नहीं मिलेगा, वहां संबंधित स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड जमादार और कार्यदायी एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
खराब स्ट्रीट लाइट की बनेगी सूची
बैठक में शहर की एलईडी स्ट्रीट लाइटों की भी समीक्षा की गई. सभी वार्डों में खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की सूची तैयार कर जल्द मरम्मत कराने पर सहमति बनी.
साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर हाई मास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, ताकि रात के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो सके.
मेंटेनेंस एजेंसी पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान स्ट्रीट लाइट के अनुरक्षण और मरम्मत का काम कर रही एजेंसी के कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया गया. तय समय सीमा में काम पूरा नहीं होने पर एजेंसी के साथ हुए मेंटेनेंस अनुबंध को समाप्त करने पर विचार किया गया.
नगर निगम ने निर्णय लिया कि आवश्यक विभागीय और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्ट्रीट लाइटों के अनुरक्षण और मरम्मत की व्यवस्था स्वयं अपने स्तर से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को निर्बाध और बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके.
