मोतिहारी स्कूल शिफ्ट: सदर प्रखंड के दो विद्यालयों में अब दो पाली में पढ़ाई कराने की कवायद शुरू हो गई है. विद्यालय स्तर से मिले आवेदन के बाद जिला शिक्षा विभाग ने दोनों स्कूलों की स्थलीय जांच कराने का निर्देश दिया है. जांच के बाद प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
इन दो स्कूलों का भेजा गया है आवेदन
दो पाली में विद्यालय संचालन को लेकर सदर प्रखंड के दो स्कूलों से संबंधित आवेदन जिला शिक्षा विभाग को मिला है. इनमें राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटहा और प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय उत्तरी ढेकहा शामिल हैं.
विद्यालयों की ओर से मिले आवेदन के बाद अब शिक्षा विभाग यह जांच करेगा कि वहां दो पाली में संचालन की आवश्यकता और व्यवस्था कितनी उपयुक्त है. इसके लिए दोनों विद्यालयों का स्थल निरीक्षण कराया जाएगा.
जांच के बाद जिले को भेजी जाएगी रिपोर्ट
बीईओ अफरोज आलम ने बताया कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है. इसमें आवेदन वाले विद्यालयों की स्थलीय जांच कर स्पष्ट मंतव्य के साथ जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
निर्देश के बाद दोनों विद्यालयों की स्थलीय जांच कराई जाएगी. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्थिति और दो पाली में संचालन से जुड़े जरूरी बिंदुओं को देखा जाएगा. इसके बाद जांच प्रतिवेदन जिले को भेजा जाएगा.
जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
दोनों विद्यालयों में दो पाली में पढ़ाई शुरू करने को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है. स्थलीय जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
शिक्षा विभाग के स्तर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों विद्यालयों को दो पाली में संचालित करने की अनुमति मिलती है या नहीं. फिलहाल स्कूलों की जांच की तैयारी शुरू कर दी गई है.
यह भी पढे़ं:
मोतिहारी सदर अस्पताल को मिले 4 नए डॉक्टर, मरीजों को मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा
