Motihari News: नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद छौड़ादानो प्रखंड के जीतपुर पंचायत के हरदिया गांव निवासी एक युवक के लापता होने की खबर है. युवक की पहचान नेजामुद्दीन मियां के छोटे पुत्र अरमान मियां के रूप में हुई है. अरमान नेपाल में दर्जी का काम करता था. बाढ़ आने से एक दिन पहले मंगलवार को परिजनों से फोन पर उसकी बात हुई थी, लेकिन बुधवार से उसका मोबाइल बंद बता रहा है. इससे परिवार में अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Chauradano News: मंगलवार को हुई थी अरमान से आखिरी बात
ग्रामीणों के अनुसार नेजामुद्दीन मियां के दोनों पुत्र आलमगीर और अरमान मियां नेपाल में दर्जी का काम करते हैं. करीब तीन माह पहले दोनों भाई घर आए थे. अरमान लगभग एक माह पहले ही काम पर वापस नेपाल गया था.
बाढ़ की घटना से एक दिन पहले मंगलवार को अरमान ने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी. इसके बाद बुधवार से उसका मोबाइल बंद है और परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है.
अरमान की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
अरमान के पिता नेजामुद्दीन मियां का पहले ही निधन हो चुका है. ग्रामीणों के अनुसार वह गांव-गांव घूमकर मिठाई बेचते थे और इसी से परिवार का पालन-पोषण होता था. पिता की मृत्यु के बाद दोनों भाई रोजगार की तलाश में नेपाल चले गए थे.
अरमान की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और अभी उसकी कोई संतान नहीं है. संपर्क टूटने के बाद उसकी मां सबेया खातून और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.
बड़ा भाई अरमान की तलाश में नेपाल रवाना
अरमान के लापता होने की सूचना के बाद उसका बड़ा भाई आलमगीर उसकी तलाश के लिए नेपाल रवाना हो गया है. परिवार को उम्मीद है कि आपदा के बीच अरमान के बारे में जल्द कोई जानकारी मिल सकेगी.
स्थानीय लोगों के अनुसार त्रिशूली क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के कारण संपर्क स्थापित करने में भी परेशानी हो रही है.
बीडीओ-सीओ ने घर पहुंचकर दिया मदद का भरोसा
रविवार को बीडीओ सुनील कुमार मिश्र और सीओ रंजन कुमार बैठा अरमान के घर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
अधिकारियों ने बताया कि नेपाली प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय कर अरमान की तलाश के लिए आवश्यक पहल की जाएगी.
हीरमणि पंचायत का व्यक्ति भी बाढ़ में बहने की खबर
इधर, हीरमणि पंचायत से भी नेपाल की बाढ़ में एक व्यक्ति के बह जाने की सूचना मिली है. ग्रामीणों के अनुसार कमरुल होदा का परिवार लंबे समय से नेपाल के वीरगंज में रह रहा था और ट्रक ट्रांसपोर्टेशन के कारोबार से जुड़ा है.
बताया गया कि बुधवार को कमरुल होदा त्रिशूली मार्ग में अपनी ट्रक की मरम्मत करा रहे थे. इसी दौरान वह बाढ़ की चपेट में आ गए और पानी में बह गए.
परिवार नेपाल में बसा, प्रशासन जुटा जानकारी में
मामले में सीओ रंजन कुमार बैठा ने बताया कि कमरुल होदा के परिवार के नेपाल में ही बस जाने की जानकारी मिली है. प्रशासन उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले से जुड़े तथ्यों को जुटा रहा है.
नेपाल में आई बाढ़ के बाद छौड़ादानो क्षेत्र से दो लोगों के लापता होने की खबर से स्थानीय लोगों और परिजनों में चिंता का माहौल है.
यह भी पढ़ें :बैरिया में बिजली मिस्त्री की करंट से मौत, शव रखकर पावर सबस्टेशन पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
