Motihari Accident: सावन की पहली सोमवारी पर पूर्वी चंपारण के पचपकरी थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया. देवापुर स्थित बागमती नदी के संगम घाट पर बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए जल भरने पहुंचे दो किशोर नदी में डूब गए. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया.
जलबोझी के दौरान गहरे पानी में चले गए दोनों किशोर
जानकारी के अनुसार, ललबेगिया गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार और 14 वर्षीय रौशन कुमार सावन की पहली सोमवारी पर कांवड़ियों के साथ देवापुर संगम घाट पहुंचे थे. दोनों बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए जलबोझी कर रहे थे. इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए.
घाट पर मौजूद अन्य कांवड़ियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने तत्काल खोजबीन शुरू की. काफी देर तक तलाश करने के बावजूद दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिला.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, अंचलाधिकारी (सीओ) रितेश रंजन सेठ और पचपकरी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली तथा तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया.
एनडीआरएफ की टीम बोट के साथ संगम घाट पहुंचकर नदी में दोनों किशोरों की तलाश में जुट गई. खबर लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन जारी था.
संगम घाट पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना के बाद देवापुर संगम घाट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर पूर्व मुखिया बेदानंद झा, पैक्स अध्यक्ष आलोक सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
क्या बोले सीओ?
सीओ रितेश रंजन सेठ ने बताया कि बागमती नदी में जलबोझी करने के दौरान दो किशोर डूब गए हैं. दोनों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है ताकि दोनों किशोरों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढे़ं: चकिया में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, डॉग स्क्वायड और मोबाइल डंपिंग टीम जांच में जुटी
