Motihari: रक्सौल. वीरगंज से काठमांडू जा रही एक यात्री बस में की गई विशेष जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवकों में पर्सा जिले के पकहा मैनपुर गांवपालिका वार्ड नंबर 5 निवासी 19 वर्षीय पुष्पेन्द्र पांडे और भारत के बिहार राज्य रक्सौल निवासी 19 वर्षीय सचिन कुमार सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार वीरगंज के वार्ड नंबर 17 गंडक चौक पर नियमित जांच के दौरान काठमांडू जा रही एक रात्रि बस को रोककर तलाशी ली गई. इस दौरान दोनों युवकों के पास मौजूद काले रंग के बैग से ट्रामाडोल कैप्सूल की 23,880 पीस बरामद की गई है. पर्सा जिला पुलिस के प्रवक्ता डीएसपी बहादुर बस्नेत ने बताया कि बरामद ट्रामाडोल नेपाल में प्रतिबंधित दवाओं की सूची में शामिल है. गिरफ्तार दोनों युवकों को वडा प्रहरी कार्यालय श्रीपुर की हिरासत में रखकर आगे की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह प्रतिबंधित दवा भारत से नेपाल लाकर काठमांडू में सप्लाई करने की योजना थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
