बंजरिया में जिस मासूम को डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे मां-नाना, रास्ते में ट्रक ने छीन ली उसी की जिंदगी

मोतिहारी के बंजरिया में डॉक्टर के पास जा रहे एक 18 माह के मासूम की सड़क हादसे में मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी, जिसमें बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां और नाना गंभीर रूप से घायल हो गए.

Motihari News: बंजरिया. थाना क्षेत्र के चैलाहां-फुलवार मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह गोबरी मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर सवार 18 माह के मासूम अमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उसकी मां शाहजहां खातून और नाना शमशाद आलम गंभीर रूप से घायल हो गये. बताया गया कि नाना अपनी बेटी और नाती को मोतिहारी शहर स्थित डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए ट्रक की टक्कर से परिवार हादसे का शिकार हो गया.

नाराज ग्रामीणों को समझाते सीओ कृष्ण प्रताप सिंह व अन्य

डॉक्टर को दिखाने निकला था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार खैरी गांव निवासी अरबाज आलम का 18 माह का पुत्र अमन तबीयत को लेकर डॉक्टर को दिखाने जा रहा था. अमन की मां शाहजहां खातून और नाना शमशाद आलम उसे बाइक पर लेकर मोतिहारी शहर जा रहे थे. गोबरी मोड़ के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन की मौके पर ही मौत हो गयी.

ट्रक की टक्कर से मां और नाना भी गंभीर घायल

हादसे में अमन की मां शाहजहां खातून और नाना शमशाद आलम भी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

ग्रामीणों ने ट्रक को मौके पर पकड़ा, चालक फरार

हादसे की सूचना मिलते ही बंजरिया थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को मौके पर ही पकड़ लिया. हालांकि ट्रक का चालक और उपचालक मौके से फरार होने में सफल रहे.

मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग पर दो घंटे जाम

मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने पुलिस के देर से पहुंचने, गोबरी मोड़ पर स्पीड ब्रेकर लगाने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर चैलाहां-फुलवार मुख्य मार्ग जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा और ग्रामीणों ने विरोध जताया.

सीओ ने स्पीड ब्रेकर और मुआवजे का दिया आश्वासन

जाम की सूचना मिलने पर सीओ कृष्ण प्रताप सिंह और दरोगा राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. सीओ ने पथ निर्माण विभाग को पत्र लिखकर गोबरी मोड़ पर स्पीड ब्रेकर लगवाने की बात कही. साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.


ये भी पढ़ें: आधे घंटे की बारिश में बेतिया जलमग्न, सड़कें ऊंची होने के बाद निचले हिस्सों में जमा हो रहा पानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj Nikhil

राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >