Hanuman Temple Theft News: थाना क्षेत्र के सरोतर गांव स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर मंदिर से हनुमान जी का चांदी का मुकुट, सोने-चांदी के लॉकेट, दानपेटी और नकदी लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी तो खुला मामला
मंदिर के पुजारी मणिकांत तिवारी ने डुमरियाघाट थाना में दिए आवेदन में बताया कि सोमवार रात रोज की तरह पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे.
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर देखा कि दानपेटी गायब थी और हनुमान जी के सिर पर रखा चांदी का मुकुट भी चोरी हो चुका था.
सोने-चांदी के लॉकेट भी ले गए चोर
पुजारी के अनुसार, चोर मंदिर से करीब एक लाख रुपये की नकदी, 15 चांदी के लॉकेट और 10 सोने के लॉकेट भी अपने साथ ले गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत काफी अधिक बताई जा रही है.
एक किलोमीटर दूर मिली टूटी दानपेटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक चिमनी के पास मंदिर की टूटी हुई दानपेटी बरामद की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस चोरी में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
