Motihari News: मोतिहारी. कोटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकद 65,000 रुपये पर हाथ साफ कर दिया. घटना को लेकर पीड़ित गृहस्वामी कुंदन कुमार सिंह ने कोटवा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
Kotwa News: अंदर से कुंडी बंद कर तोड़ी अलमारी
पीड़ित कुंदन कुमार सिंह द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 20 अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सो रहे थे.
देर रात अज्ञात चोरों ने घर के एक कमरे की खिड़की को तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए. चोरों ने सतर्कता बरतते हुए कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया ताकि किसी के आने पर आहट न मिले. इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी लोहे की अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे सभी कीमती जेवरात और नकदी चुरा ली.
सुबह बिखरा मिला सामान, 65 हजार कैश व भारी जेवरात गायब
सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो कमरे की खिड़की टूटी हुई थी और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था. बक्से और अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे जेवरात व कैश नदारद मिले.
चोरी गए प्रमुख सामानों का विवरण:
- सोने के आभूषण: 2 पीस सोने की चेन, 1 पीस सोने का हार, 1 सेट कंगन, 8 पीस अंगूठी, 1 पीस टीका, 1 पीस नथिया, 2 पीस मंगलसूत्र और सोने की नथुनी.
- चांदी के आभूषण व सिक्के: 2 जोड़ी पायल, 1 सेट पौंजेब, चांदी के अन्य आभूषण और 1 चांदी का सिक्का.
- नकदी: 65,000 रुपये नकद.
प्राथमिकी दर्ज करने व बरामदगी की मांग, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में घटना की गहन जांच कर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों व नकदी की त्वरित बरामदगी की गुहार लगाई है.
कोटवा थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के संदिग्धों और पूर्व में सक्रिय रहे गिरोहों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
