हनुमान मंदिर में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया चोर, ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोचा

मोतिहारी के सिहुलीया गांव में हनुमान मंदिर में आधी रात को चोरी का प्रयास हुआ। ग्रामीणों की सूझबूझ से बदमाश को रंगे हाथ पकड़ा गया और उसकी जेब से 2500 रुपये भी बरामद हुए।

Hanuman temple theft Motihari: मोतिहारी जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहुलीया गांव में स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी का प्रयास विफल हो गया. चोरी की नीयत से मंदिर में घुसे एक बदमाश को स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी मुस्तैदी से रंगे हाथ दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान सिहुलीया गांव के ही रहने वाले कुंदन राय के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 2500 रुपये नकद भी बरामद कर लिए हैं.

Motihari Crime News: आधी रात मंदिर में बर्तन समेट रहा था चोर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सिहुलीया के वार्ड नंबर-14 स्थित हनुमान मंदिर के अध्यक्ष धूप राय रात करीब 10 बजे अपना भोजन करने के बाद मंदिर परिसर में ही सो रहे थे. सोने से पहले उन्होंने अपनी पैंट की जेब से 2500 रुपये निकालकर पास में ही रख दिए थे. मध्यरात्रि करीब 12 बजे मंदिर के भीतर अचानक बर्तनों की खटखटाहट की आवाज आने लगी. इस आवाज से मंदिर अध्यक्ष की नींद खुल गई. उन्होंने उठकर देखा कि एक युवक मंदिर के कीमती बर्तनों को समेटने में लगा हुआ था.

शोर मचाने पर ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोचा

मंदिर अध्यक्ष को जागता देख आरोपी घबरा गया और मौके से भागने लगा. धूप राय ने तुरंत 'चोर-चोर' का शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और उन्होंने भागते हुए आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी युवक को गांव के ही ललन चौधरी के खेत के पास धर दबोचा. जब ग्रामीणों ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी जेब से मंदिर अध्यक्ष के चुराए गए 2500 रुपये नकद बरामद हुए.

डायल 112 को दी गई सूचना, आरोपी गया जेल

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को इस पूरे मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई. मामले की पुष्टि करते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंदिर अध्यक्ष धूप राय के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी कुंदन राय से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें... सोशल मीडिया पर नाबालिग की फोटो वायरल करने का मामला, मोतिहारी साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >