किशोरी की संदिग्ध मौत, साक्ष्य छिपाने के लिए शव जलाने का आरोप, पिता हिरासत में

कोटवा में किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव को आनन-फानन में जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।

Teenager Death Investigation: कोटवा थाना क्षेत्र के कररिया बैरागी टोला में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है. आरोप है कि साक्ष्य छिपाने की नीयत से आनन-फानन में किशोरी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना की भनक लगते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.

पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

बताया जाता है कि किशोरी की मौत के बाद परिजन शव को डुमरा पंचायत के अमवा वार्ड संख्या-1 स्थित एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने शव को जला दिया. स्थानीय लोगों को जब इस पर संदेह हुआ, तो उन्होंने मामले की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक को दी. सूचना मिलते ही कोटवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई वैज्ञानिक नमूने एकत्र किए हैं.

पूछताछ के लिए मृतका के पिता को पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए किशोरी के पिता को हिरासत में ले लिया है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों ने शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर इतनी जल्दीबाजी में क्यों जलाया. इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है.

थानाध्यक्ष बोले- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच हर संभावित बिंदु को ध्यान में रखकर की जा रही है. एफएसएल की रिपोर्ट आने और पूछताछ पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shivam

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >