कुर्की-जब्ती एक्शन: मधुबन के चर्चित ट्रैक्टर मिस्त्री सुभान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शिकारगंज थाना क्षेत्र के हरनरैना गांव निवासी अजय पासवान के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, सुभान मिस्री हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से अजय पासवान फरार चल रहा था.
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे सुभान
बताया गया कि सुभान मिस्री मधुबन बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर शिवहर जिले के डुमरी कटसरी स्थित घर लौट रहे थे. इसी दौरान बंजरिया गांव के समीप बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी. गोली लगने से उनकी मौत हो गयी थी. मामले की जांच के दौरान अजय पासवान का नाम सामने आया था.
हत्याकांड में फरार आरोपी पर कुर्की
मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि सुभान मिस्री हत्याकांड मधुबन थाना कांड संख्या 200/25 में अजय पासवान की संलिप्तता सामने आयी थी. इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था. न्यायालय की प्रक्रिया के तहत उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गयी.
हत्या के प्रयास के दो आरोपितों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने मधुबन थाना कांड संख्या 76/26 में हत्या के प्रयास के आरोपित मनपुरवा निवासी दुर्गा सहनी और नवीन सहनी, दोनों पिता दिलीप सहनी, के घर भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, दोनों इस मामले में प्राथमिकी अभियुक्त हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
कुर्की के दौरान एक आरोपित ने किया सरेंडर
इधर, मधुबन थाना कांड संख्या 362/25 में हत्या के प्रयास के प्राथमिकी अभियुक्त विक्रम कुमार ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. विक्रम कुमार गुमानी राय का पुत्र है और बहुआरा भान थाना मधुबन का निवासी बताया गया है. कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दौरान उसने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया.
फरार आरोपितों पर पुलिस का शिकंजा
एक ही दिन में कई मामलों में फरार आरोपितों के खिलाफ हुई कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपितों पर दबाव बनाया जा रहा है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर भी अभियान तेज होने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं:
मोतिहारी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा सख्त, 4 इलाकों में 3 सितंबर तक नो-ड्रोन जोन
