Motihari: STF और पुलिस के हत्थे चढ़ा मुंबई का वांछित ड्रग तस्कर जाकिर हुसैन, 13 माफियाओं की तलाश

संयुक्त कार्रवाई में मुंबई के बहुचर्चित ड्रग्स मामले में वांछित मुख्य सरगना जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है. इस गिरफ्तारी से जुड़े मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

Motihari News: बिहार एसटीएफ, मोतिहारी पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की एनटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई में मुंबई के बहुचर्चित ड्रग्स मामले में वांछित मुख्य सरगना जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती इलाके में छिपकर रह रहा था.

मुंबई ड्रग्स केस में वांछित था जाकिर हुसैन

बताया गया कि जाकिर हुसैन ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. मुंबई में दर्ज बहुचर्चित मादक पदार्थ तस्करी मामले में वह लंबे समय से वांछित चल रहा था.

उसकी तलाश में महाराष्ट्र पुलिस की एनटी नारकोटिक्स सेल लगातार जुटी थी. जांच के दौरान उसके उत्तर बिहार के सीमावर्ती इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद बिहार एसटीएफ और मोतिहारी पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेगी

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह गिरफ्तारी अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय का बेहतर उदाहरण है. कार्रवाई के दौरान केंद्रीय और स्थानीय खुफिया तंत्र के बीच बेहतर तालमेल रहा.

फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस आरोपी जाकिर हुसैन को ट्रांजिट रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है. उसकी गिरफ्तारी के बाद मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

उत्तर बिहार में 13 बड़े ड्रग्स माफिया पुलिस के रडार पर

एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में फरार चल रहे 13 नेशनल और इंटरनेशनल ड्रग्स माफियाओं की तलाश उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों में की जा रही है.

इनमें ईरान, नाइजीरिया, तंजानिया और मोजाम्बिक के ड्रग्स माफिया भी शामिल हैं. पुलिस इन आरोपियों के संभावित ठिकानों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

सीमावर्ती जिलों में कई ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़

एसपी ने बताया कि पूर्वी चंपारण जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रग्स तस्करों के कई सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा चुका है. मुंबई ड्रग्स तस्करी मामले में वांछित जाकिर हुसैन की गिरफ्तारी को उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया.

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में फरार देशी और विदेशी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थानों को अलर्ट किया गया है. ड्रग्स तस्करों और अपराधियों के खिलाफ पूर्वी चंपारण पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें

दरभंगा-जयनगर समेत कई ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में बदलाव, यात्रा से पहले जानें पूरी जानकारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sn Satyarthi

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >