Raxaul SSB News: रक्सौल स्थित 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 150 एसएसबी जवानों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया.
150 जवानों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
शिविर में अधिकारियों सहित कुल 150 एसएसबी जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिससे 150 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. यह रक्तदान शिविर जी.एम.सी.एच. बेतिया और सदर अस्पताल मोतिहारी के रक्त केंद्र के सहयोग से आयोजित किया गया.
आईजी मीनू चौधरी ने किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी बल मुख्यालय नई दिल्ली से दौरे पर पहुंचीं महानिरीक्षक (आईपीएस) मीनू चौधरी ने शिविर का निरीक्षण किया. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें फल एवं जूस वितरित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की.
कई अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी बेतिया के उपमहानिरीक्षक हरी प्रकाश, 47वीं वाहिनी के कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. निशिकांत, द्वितीय कमान अधिकारी संजय रावत, सदर अस्पताल मोतिहारी के डॉ. नीरज कुमार तथा जी.एम.सी.एच. बेतिया के डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे.
रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है. उन्होंने समाज के सभी स्वस्थ लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में NIA की छापेमारी, ट्रैवल एजेंट से एक घंटे पूछताछ; मोबाइल जब्त, पटना बुलाया गया
