Motihari: वीजा खत्म होने के बाद नेपाल भाग रहा सोमालियाई नागरिक रक्सौल बॉर्डर पर गिरफ्तार

रक्सौल बॉर्डर पर मेडिकल वीजा पर भारत आए सोमालियाई नागरिक को नेपाल भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया. सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क की जांच कर रही हैं. पढ़ें पूरी खबर...

Motihari News: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. मेडिकल वीजा पर भारत आए सोमालिया के एक नागरिक को अवैध तरीके से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया है. आरोपी वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी कई महीनों से भारत में रह रहा था.

मैत्री पुल के पास पकड़ा गया आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर रक्सौल बॉर्डर के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान आव्रजन विभाग की टीम ने रक्सौल कस्टम के समीप स्थित मैत्री पुल के पास संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की.

दस्तावेजों की जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.

मेडिकल वीजा पर आया था भारत

एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अहमद फराह के रूप में हुई है, जो सोमालिया गणराज्य का निवासी है.

प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह 3 दिसंबर 2025 को मुंबई एयरपोर्ट के जरिए मेडिकल वीजा पर भारत आया था. उसका वीजा 29 जनवरी 2026 को समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बावजूद वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था.

नेपाल जाने की वजह खंगाल रही एजेंसियां

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध अनुमति के सीमा पार कर नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था.

इसके बाद हरैया थाना में विदेशी अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी नेपाल क्यों जाना चाहता था और उसके संपर्क किन लोगों से थे. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वह किन परिस्थितियों में भारत में रह रहा था.

सीमा पर बढ़ाई गई सतर्कता

घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां सीमा से आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच कर रही हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >