मोतिहारी के केसरिया से राकेश कुमार रत्न की रिपोर्ट
Snake Bite Death: केसरिया प्रखंड क्षेत्र की बथना पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित भोजागाछी गांव में सांप के डंसने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई.मृतक की पहचान गांव निवासी 60 वर्षीय फूल देव राय के रूप में की गई है.इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
इलाज के दौरान वृद्ध ने तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूल देव राय अपने घर के समीप मौजूद थे कि इसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया.सांप काटने की भनक लगते ही परिजन आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास करने लगे और तत्काल इलाज के लिए ले गए.परिजनों द्वारा हर संभव कोशिश की गई, लेकिन उनके शरीर में जहर फैलने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई.अंततः इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए.
मिलनसार स्वभाव के थे फूल देव राय
बथना पंचायत के मुखिया पति देवालाल यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि फूल देव राय बेहद मिलनसार, नेक दिल एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे.उनके इस तरह अचानक चले जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है.वृद्ध की मौत के बाद से उनकी पत्नी और बच्चों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह भारी दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी के गुसुकपुर गांव में युवक को तालिबानी सजा देने वाले अजय और गोलू चढ़े पुलिस के हत्थे
