Motihari News: जटवा से जनेरवा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सिकरहना नदी के लगातार हो रहे कटाव को रोकने के लिए रविवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया. ग्रामीणों की सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जुट गई है.
मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.
काम शुरू होने से पहले एसडीओ ने किया निरीक्षण
कार्य प्रारंभ होने से पहले सदर एसडीओ अरुण कुमार ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान बंजरिया सीओ कृष्ण प्रताप सिंह, आरडब्ल्यूडी के जेई सिकंदर कुमार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार तथा एसडीओ नवनीत कुमार भी मौजूद रहे.
डीएम के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के निर्देश पर कटाव को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की गई.
इससे पहले शुक्रवार शाम सदर एसडीओ अरुण कुमार और शनिवार को स्थानीय विधायक विशाल कुमार ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था.
पिछले साल एक सप्ताह तक बंद रहा था रास्ता
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 2025 में भी सिकरहना नदी ने इसी स्थान पर तेज कटाव किया था. उस समय सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब एक सप्ताह तक जटवा-जनेरवा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा था.
इस बार समय रहते मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि कटाव पर स्थायी नियंत्रण हो सकेगा.
